Embroidery Art

कढ़ाई अर्थात एम्ब्रायडरी (embroidery) एक ऐसी कला है, जिसमे सुई और धागे की सहायता से कपड़ों पर सुन्दर डिजाईन बनायी जाती है। यह कुछ लोगों के लिए आजीविका का साधन है तो कुछ लोग इसे रचनात्मक अर्थात क्रिएटिविटी की ललक को शांत करने के लिए करते हैं। टेक्नोलॉजी के कारण अब कढ़ाई के लिए मशीनों का उपयोग बढ़ गया है, किन्तु, कई लोग अभी भी हाथ से कढ़ाई करने का आनंद लेते हैं।

सिलाई मशीन से कढ़ाई

कढ़ाई (एम्ब्रायडरी) या कसीदा

फैशन की दुनिया में, किसी भी पहनने के वस्त्र को एक शानदार आउटफिट में तब्दील करना हो या एक सादे कपडे को सुन्दर कलाकृति का रूप देना हो, तो कढ़ाई (एम्ब्रायडरी) या कसीदा सबसे अच्छा तरीका है। कढ़ाई यदि अच्छी तरह से की जाए तो यह सादे कपडे को भी सुन्दर बना देती है और प्रिंटेड कपडे की तुलना में यह कपड़ा काफी अच्छा दिखता है।

कढाई कई चीजों पर की जाती है, जैसे पहनने के वस्त्रो पर, तकिए के कवर, चादर, पर्दे, टेबल क्लॉथ, वॉल हैंगिंग, रूमाल आदि।

पहले कढ़ाई हाथों से ही की जाती थी, किन्तु हाथ से कसीदा करने में काफी समय लगता है और यह थका देने वाली प्रक्रिया भी है। समय बीतने के साथ प्रौद्योगिकी में सुधार हुआ है और आज, कढ़ाई मशीन और कंप्यूटर प्रोग्रामों का उपयोग करके, कढ़ाई डिजाइनों को डिजिटल रूप दिया जाता है।